जरीफनगर थाने के एक गांव में रविवार रात गांव के ही दो लोगों ने घर में घुसकर 15 साल की किशोरी के साथ गैंगरेप किया। किशोरी के पिता की ओर से नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्राइमरी मेडिकल में प्रथम दृष्टया गैंगरेप की पुष्टि नहीं हुई है। आगे जांच के लिए स्लाइड बनाकर पैथालॉजी भेजी गई है।
घटना रविवार रात की है। किशोरी अपने घर में अकेली सो रही थी। जबकि उसके पिता खेत पर रखवाली कर रहे थे, जबकि मां घर के पास बनी गौशाला में सो रही थी। किशोरी के दोनों भाई भी घर पर नहीं थे। रात करीब साढ़े आठ बजे गांव के खेम सिंह पुत्र प्यारे लाल और दिगंबर पुत्र चंद्रपाल दीवार फांदकर उसके घर में घुस गए। आरोप है कि दोनों ने किशोरी को दबोच लिया। उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। बाद में उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। किशोरी के शोर मचाने पर उसके दोनों भाई आ गए, जिन्हें देखकर खेमसिंह और दिगंबर भाग गए। खेमसिंह का मोबाइल मौके पर ही छूट गया। किशोरी के भाइयों ने अपने पिता और मां को खबर दी। सोमवार को पिता किशोरी को लेकर थाने पहुंचा। उसकी तहरीर पर पुलिस ने खेमसिंह और दिगंबर के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कर किशोरी को मेडिकल के लिए भेज दिया। दोनों आरोपी फिलहाल फरार है।
किशोरी के पिता की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपी अभी फरार है, गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है।
-गंगा सिंह यादव, एसओ जरीफनगर
किशोरी का पिता के पास बंटाई पर थी आरोपी की जमीन
दहगवां। गैंगरेप का आरोप लगाने वाला किशोरी का पिता आरोपी खेमसिंह की जमीन बंटाई पर ले रखी थी। दूसरा आरोपी दिगंबर शारीरिक रूप से विकलांग है। पुलिस ने गैंगरेप का मुकदमा जरूर दर्ज कर लिया है, लेकिन घटना को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं हैं। इधर, महिला कांस्टेबल को किशोरी ने रिकार्ड किए गए बयान में गैंगरेप होने की बात से इंकार किया है। घटना रविवार रात साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। किशोरी घर में अकेली थी। किशोरी के घर में मिले खेमसिंह के मोबाइल को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। एसओ गंगा सिंह यादव ने बताया कि मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकलवाई जा रही है। कॉल डिटेल से भी क्लू मिलने की संभावना है।