पड़ोस के लोगों की शिकायत पर पुलिस ने मारा था छापा, रिपोर्ट दर्ज
पुलिस ने गेस्ट हाउस के तीन कर्मचारी भी हिरासत में लिए
बदायूं मार्केट स्थित निजी गेस्ट हाउस में बृहस्पतिवार दोपहर पड़ोस के लोगों की शिकायत पर पुलिस ने छापा मारकर छात्रा संग युवक को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने पहले तो गलत नाम और पते बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन कड़ाई पर दोनों ने सच्चाई उजागर कर दी। दोनों मौज-मस्ती के इरादे से पहुंचे थे।
पंजाबी कालोनी मोड़ के पास स्थित निजी गेस्ट हाउस में युवक-युवती को पिछले रास्ते घुसते हुए किसी ने देख लिया। उसने तुरंत डॉयल-100 पर कॉल कर सूचना पुलिस को दे दी। इस पर डॉयल-100 के पुलिस कर्मियों ने गेस्ट हाउस की तलाशी लेने से पहले प्रभारी निरीक्षक को भी अवगत करा दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार की मौजूदगी में कमरों को खंगाला गया तो एक कमरे में युवक और युवती पुलिस के हत्थे चढ़ गए। जब पुलिसकर्मी उन्हें कोतवाली ले जाने लगे तो दोनों आनाकानी करने लगे। तब तक छापे की बात फैलते ही गेस्ट हाउस के बाहर लोगों का जमघट लग गया। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस दोनों को कोतवाली लाई जहां युवक ने खुद को मूसाझाग के गांव उतरना का इमरान बताया। लड़की उसी के पड़ोसी एक गांव की है, जो बदायूं में बीए की छात्रा है।
सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि फोन पर दोनों की उनके घरवालों से बात करा दी गई है। वहीं इमरान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। लड़की के घरवालों को बुलाया गया है। साथ ही गेस्ट हाउस के तीन कर्मचारियों को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
पहले भी चर्चा में आ चुका है गेस्ट हाउस
उझानी। गेस्ट हाउस में बाहर के युगलों के ठहरने के दो मामलों में पहले भी चर्चा में आ चुका है। एक बार पहले भी पुलिस ने छापा मारा। उस वक्त भी संदिग्ध हालत में दो युगल पुलिस के हत्थे चढ़े थे लेकिन तब पुलिस ने उन्हें कोतवाली लाने की जरूरत महसूस नहीं की थी। लोगों का कहना है कि अगर उस वक्त कार्रवाई कर दी जाती तो युगल गेस्ट हाउस पहुंचने से गुरेज करते।