मुस्लिम धर्म के पैगंबर की शान में फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर कस्बे का माहौल गरमा गया। शनिवार को मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसडीएम बिल्सी विधान जायसवाल और सीओ राजवीर सिंह दिन भर इस्लामनगर थाने में हटे रहे। फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले को पुलिस तलाश रही है।
कस्बे के मोहल्ला भटनागर निवासी नितिन गुप्ता पुत्र मुकेश गुप्ता ने अपने फेसबुक एकाउंट पर एक फोटो शेयर की थी। इस पोस्ट में बसपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी की फोटो के साथ पैगंबर को आपत्तिजनक भाषा लिखी गई है। कस्बे के मोहल्ला चौक निवासी हशमत अली उर्फ सलीम खान ने यह पोस्ट देखी तो शिकायत लेकर थाने पहुंचे। पहले तो दोनों पक्षों के गणमान्य नागरिकों ने फैसला कराने की कोशिश की। तमाम प्रयासों के बाद भी हशमत अली फैसले को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद शनिवार को मामले में पुलिस ने नितिन गुप्ता के साथ आईटी एक्ट समेत धार्मिक भावनाओं को भड़काने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
वर्जन-
मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। तनाव जैसी कोई बात नहीं है।- राजवीर सिंह, सीओ बिल्सी