हिस्ट्रीशीटर नईम उर्फ राजा के फरार चल रहे नौ हत्यारोपियों के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट से गैर जमानती वारंट हासिल कर लिया है। हत्याकांड के तीन आरोपियों हाशिम, अमजद और अकरम को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। नौ आरोपी अब भी फरार हैं। इसके चलते गैंगवार का खतरा बना हुआ है।
हिस्ट्रीशीटर नईम उर्फ राजा की 20 अक्तूबर की सुबह सात बजे मीट मार्केट के पास स्थित छोटी सराय में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। फायरिंग में सलीम और इब्राहीम घायल भी हुए थे। नईम के भाई फहीम ने ोहम्मद हाशिम, अकरम उर्फ नन्ना, अमजद, शराफत, लखन पुत्र शराफत, राजा पुत्र शराफत हुसैन, शब्बू पुत्र शराफत हुसैन, अनवार, मुन्ना पुत्र अनवार, आंशू पुत्र अनवार निवासी मोहल्ला खंडसारी, जहांगीर, शकील निवासी शेखूपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार को पुलिस ने हाशिम, अकरम और अमजद को जेल भेज दिया था। बाकी नौ आरोपी अब भी फरार हैं।
इंस्पेक्टर कोतवाली मनोज कुमार सिंह ने बताया कि फरार नौ हत्यारोपियों के खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट हासिल कर लिया गया है। इनकी तलाश में छापामारी की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।