स्कूलों के पास खोली जा
रहीं शराब की दुकानें
वजीरगंज और उझानी इलाके में ठेके रुकवाने की मांग उठी
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हाईवे से 220 मीटर के दायरे में चल रहे शराब के ठेकों को हटाने के बाद उनको अन्यत्र शिफ्ट करने की प्रक्रिया की जा रही है लेकिन इस प्रक्रिया में कई दुकानें स्कूलों के पास खोली जा रही हैं। इससे शैक्षिक संस्थाओं के आसपास का माहौल प्रभावित होने की आशंका जताकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायत भेजी गईं हैं। उझानी और वजीरगंज इलाकों में दो दुकानें स्कूलों के पास खोलने से रोकने की मांग की गई है।
वजीरगंज के नत्थूलाल सेवक इंटर कॉलेज के समीप शराब का ठेका खोले जाने की प्रक्रिया शुरू होने से कॉलेज के अध्यापकों, छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों में बेहद रोष है। प्रधानाचार्य अतुल सक्सेना ने इस संबंध में मुख्यमंत्री से शिकायत कर अविलंब शराब का ठेका हटवाने की मांग की है। सुप्रीम कोर्ट की ओर से राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के 220 मीटर के दायरे में शराब की दुकानों पर प्रतिबंध लगाने के आदेश के बाद शराब की दुकानों के संचालकों ने रोडवेज के पास स्थित शराब का ठेका तथा अंग्रेजी शराब की दुकान पुसगवां मार्ग पर नत्थू लाल सेवक इंटर कॉलेज से मात्र 30 से 35 मीटर दूर कॉलेज रोड पर खोलने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जबकि नियमानुसार मंदिर तथा विद्यालय के समीप शराब की दुकान पर प्रतिबंध है। उसके बाद भी शराब की दुकान के संचालक वहीं दुकान खोलने पर अड़े हुए हैं। कॉलेज के बिल्कुल समीप दुकान खोले जाने से अध्यापकों, छात्र-छात्राओं तथा उनके अभिभावकों में आक्रोश है।
वहीं, उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बहोरा नगला में चौधरी शिवनारायण मेमोरियल इंटर कॉलेज के पास निर्माणधीन शराब की दुकान को दूर हटवाने की मांग करते हुए प्रबंधक कुंवरपाल सिंह ने डीएम को शिकायत भेजी है। कहा है कि दुकान कॉलेज परिसर के पास बन जाने के बाद इसका विपरीत प्रभाव बच्चों पर पड़ेगा। साथ ही असामाजिक लोगों की जमघट लगे रहने से भी दिक्कत होगी। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है।