आठवीं कक्षा की छात्रा को नशा देकर अगवा किया गया था। पुलिस ने आरोपी लड़कियों को गिरफ्तार करने के साथ अपहृत छात्रा को बरामद कर लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी दो लड़कियों और एक लड़के को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की रहने वाली 14 वर्षीय आठवीं की छात्रा का मंगलवार सुबह लगभग सात बजे रोडवेज चौकी के पास से अपहरण कर लिया गया था। उसे अगवा करने का आरोप कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली दो लड़कियों पर है। देर रात सिविल लाइंस थाने में हंगामे की सूचना पर पहुंचे सीओ वीरेंद्र सिंह यादव ने परिवार वालों के अनुसार बताए पते पर पुलिस टीम को भेजा। पुलिस देर रात शिवपुरम कॉलोनी स्थित एक घर से महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने लाई। इस बीच पुलिस टीम ने बुधवार सुबह अगवा छात्रा को बरामद कर लिया। थाने में पूछताछ के दौरान छात्रा ने बताया कि मंगलवार सुबह स्कूल जाते समय उसे कोतवाली क्षेत्र के शिवपुरम कॉलोनी की रहने वाली वैश्नवी और सोनिया मिलीं। दोनों स्कूटी पर उसे बदायूं क्लब ले गईं। वहां उसे पानी में नशीला पदार्थ पिला दिया। देर रात आंख खुली तो वह नवादा स्थित सागरताल पर थी। वहां रात भर रुकने के बाद वह सुबह ऑटो से छोटे सरकार की दरगाह पहुंची। जहां से उसे पुलिस वाले वाले थाने ले आए। छात्रा को अगवा करने के आरोप में वैश्नवी, सोनिया, इल्मान और बबलू के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट की गई है। इसके बाद वैश्नवी, सोनिया, इल्मान को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। जबकि एक आरोपी बबलू फरार है।