संजरपुर निवासी नन्हे को कोतवाली में पीटने का मामला
आरोपी दरोगा का पीलीभीत हो चुका है तबादला
पंद्रह दिन पहले संजरपुर निवासी नन्हे की कोतवाली में बांधकर पिटाई के मामले में पुलिस अफसरों को कार्रवाई करनी ही पड़ी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रविवार को दरोगा अशोक यादव के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली। रिपोर्ट में दरोगा के अलावा तीन अन्य अज्ञात पुलिस कर्मियों को भी शामिल किया गया है। आरोपी दरोगा का एक दिन पहले ही पीलीभीत तबादला हो चुका है।
दबंग दरोगा अशोक यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए रविवार पूर्वाह्न को संजरपुर निवासी कई ग्रामीण वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों के साथ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाल गोपीचंद्र यादव से रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि रिपोर्ट लिखने में आनाकानी की गई तो बाईपास पर चक्का जाम किया जाएगा। कोतवाल ने महासभा के पदाधिकारियों में अमित प्रताप सिंह, ओमप्रकाश चौहान, वीरेंद्र सिंह और एके तोमर आदि को दोपहर तक रिपोर्ट दर्ज कर लेने का भरोसा दिलाकर भेज दिया था। पसोपेश के बीच अपराह्न में पुलिस ने आरोपी दरोगा अशोक यादव के खिलाफ आईपीसी की धारा 342, 323 और 504 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली। रिपोर्ट में तीन अज्ञात पुलिस कर्मियों को भी शामिल किया गया है। कार्रवाई में शामिल अज्ञात पुलिस कर्मियों के बारे में कोतवाल की मानें तो पुलिस कर्मी कौन थे? यह जांच में ही पता लगेगा। पीड़ित नन्हे ने भी पुलिस कर्मियों के नामों का खुलासा नहीं किया है।
बता दें कि 10 सितंबर को दरोगा अशोक यादव ने संजरपुर निवासी नन्हे उर्फ प्रदीप को हिरासत में लेकर कोतवाली में जमकर प्रताड़ित किया था। ग्रामीणों के दबाव में हालांकि उसे अगले दिन कोतवाली से हिरासत मुक्त कर दिया गया, लेकिन दरोगा की पिटाई से घायल नन्हे को एसएसपी कार्यालय ले जाकर ग्रामीणों ने दो बार प्रदर्शन किया था। दरोगा का पीलीभीत तबादला हो चुका है। इस पूरे मामले में सूत्रों की मानें तो दरोगा को एक सफेदपोश का संरक्षण प्राप्त था। इस कारण उस पर कार्रवाई नहीं हो रही थी।
-----
एकजुटता से खुश ग्रामीणों ने बांटी मिठाई
उझानी। दरोगा के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद संजरपुर के कई ग्रामीण पंजीकृत रिपोर्ट की प्रति लेने अपराह्न में कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई की बात स्पष्ट हो जाने के बाद मार्केट से संजरपुर मोड़ तक जुलूस भी निकाला। नामजदगी को जीत बताते हुए ग्रामीणों ने घंटाघर चौराहे पर मिठाई बांटकर एक-दूसरे का मुुंह भी मीठा कराया। साथ ही उन्होंने कार्रवाई आपसी एकजुटता का नतीजा बताई है।
-----
एसपी सिटी ने दो दिन पहले सौंपी थी जांच रिपोर्ट
उझानी। घटना के बाद एसएसपी कार्यालय पर नन्हे के पक्ष में संजरपुर के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया था तो एसएसपी सुनील सक्सेना ने पूूरे घटनाक्रम की सच्चाई का पता लगाने के लिए एसपी सिटी अनिल यादव को जांच सौंप दी थी। वैसे, जांच सीओ उझानी रहे अजय शर्मा ने भी की थी, लेकिन एसपी सिटी ने अपनी जांच रिपोर्ट दो दिन पहले की एसएसपी को सौंप दी थी। उनकी रिपोर्ट के आधार पर ही दरोगा अशोक यादव को पीलीभीत तबादला कर दिया गया था।
-------
आज होने वाला चक्का जाम प्रदर्शन स्थगित
बदायूं। राष्ट्रवादी प्रताप सेना के जिला प्रभारी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि उझानी कोतवाली में तैनात दरोगा अशोक यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को होने वाला चक्का जाम स्थगित कर दिया गया है। बताया कि यह निर्णय दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद लिया गया है। राष्ट्रवादी प्रताप सेना के जिलाध्यक्ष अरविंद परमार एडवोकेट ने उझानी कोतवाली के निरंकुश दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने पर हर्ष जताया है। उन्होंने कहा कि यह क्षत्रिय समाज की एकजुटता का प्रमाण है। इस मौके पर विश्वनाथ शर्मा एडवोकेट, तापक सक्सेना, अजय सोलंकी, प्रदीप कुमार आदि मौजदू रहे।
-------
दरोगा अशोक यादव के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराके विवेचना भी शुरू करा दी गई। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विवेचना भी निष्पक्ष होगी। अफसरों को भी अवगत करा दिया गया है।
- गोपीचंद्र यादव, कोतवाल।