Hindu Yuva Vahini Block President
हिंदू युवा वाहिनी के ब्लॉक अध्यक्ष अमित शर्मा की कार पर गुरुवार देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। कार में बैठे अमित को दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। नाजुक हालत में अमित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमित के परिवार वालों ने इस हमले के पीछे आठ बीघा जमीन को लेकर चल रही रंजिश बताई है। सूचना मिलने पर देर रात पुलिस हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही थी।
मूलरूप से मोहम्मदपुर मई गांव निवासी अमित शर्मा हिंदू युवा वाहिनी के ब्लॉक अध्यक्ष और भाजपा नेता पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव के काफी करीबी हैं। वह बिसौली कस्बे की शिव कॉलोनी में रहते हैं। गुरुवार रात वह अपनी एसेंट कार में अपने मित्र को छोड़ने आसफपुर रोड पर गुलड़िया गांव गए थे। वहां से रात साढ़े नौ बजे कार में अकेले घर लौट रहे थे। रास्ते में कुंआडांडा के पास अचानक कुछ लोगों ने अमित की कार को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। कुछ गोलियां कार में सामने तो कुछ पीछे मारी गईं। इनमें एक गोली अमित के सीने पर दाहिने हाथ की ओर लगी और दूसरी पेट के पास घायल करती हुई निकल गई। उन्हें कुछ छर्रे भी लगे। अमित ने घायलावस्था में कार चलाना जारी रखा। हालांकि जल्दबाजी में उनकी कार सड़क पर तेजी से लहरा रही थी। इसी बीच सामने से आ रही यूपी 100 की गाड़ी को देख अमित ने अपनी कार रोक ली। पुलिस ने देखा तो कार में अमित बेहोश हो चुके थे। पुलिस कर्मियों ने उन्हें तत्काल सीएचसी पहुंचा दिया। यहां से रात सवा दस बजे उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीएचसी में थोड़ा होश आने पर अमित ने परिवार के लोगों को बताया कि कालूपुर गांव तीन लोगों को उन्होंने पहचान लिया है। हमलावरों के साथ दो-तीन लोग और भी थे। परिवार वालों ने बताया कि इसी व्यक्ति से उन लोगों की आठ बीघा खेत को लेकर रंजिश चल रही है।
प्रभारी कोतवाल राजेश कश्यप ने बताया कि रंजिशन घटना को अंजाम दिया गया है। परिवार ने तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलते ही रिपोर्ट लिख ली जाएगी। बताया कि बताए गए नाम पतों पर पुलिस की टीम दबिश देने गई है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।