कछला में मंगलवार रात की घटना, शक में युवक से पूछताछ
चोरों ने मंगलवार रात कछला में किसान के घर को खंगाल लिया। कमरे का ताला तोड़कर चोर अंदर से संदूक उठा ले गए। उसमें नकदी समेत कीब डेढ़ लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात थे। सुबह जाग होने पर गृहस्वामी समेत आसपास के लोगों ने तहकीकात की तो खाली संदूक खेत में पड़ा मिल गया लेकिन माल गायब था। गृहस्वामिनी की सूचना के बाद पुलिस ने शक में एक युवक से पूछताछ शुरू कर दी है।
कछला कसबे के वार्ड नंबर-चार निवासी रामबाबू के घर में चोरी की घटना रात में किस वक्त हुई, यह तो किसी को पता नहीं लग पाया लेकिन तड़के गृहस्वामिनी रेखा जागीं तो कमरे का ताला टूटा मिला। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी आ गए। उसे कमरे में बर्तन और संदूक नजर नहीं आया। उसी दौरान पड़ोस के ही एक व्यक्ति ने आकर बताया कि संदूक सियाराम के खेत में पड़ा है। रेखा समेत परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो संदूक मिल गया। संदूक में रखे 10 हजार रुपये, सोने की अंगूठी, चेन, पायजेब, कुंडल, बेसर और टीका को चोर निकाल ले गए थे।
चोरी की सूचना के बाद चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों से घटना के बारे में जानकारी हासिल की। रेखा ने पुलिस को बताया कि पड़ोस के ही युवक पर उसे पहले से शक है। तीन दिन पहले भी उसी ने एक और घर को खंगालने की कोशिश की थी। उस वक्त वह अपने शरीर पर तेल लगाकर निकला था। रेखा की घर में रखी अलमारी पर भी चिकनाई के निशान मिले हैं। पुलिस ने उक्त युवक को शक के आधार पर हिरासत में ले लिया है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि मामले की तहकीकात की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए रेखा ने उन्हें तहरीर भी सौंप दी है।