अलीगढ़ रोड पर नगरिया के पास हुआ हादसा
अलीगढ़ रोड पर नगरिया के पास जायलो कार के खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि उसमें सवार एक महिला और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सैदपुर कस्बे के मोहल्ला खाची निवासी विट्टन खां पुत्र कज्जन खां (54) शुक्रवार को बेटी सवा खानम के एडमीशन के लिए पत्नी रेशमा बेगम के साथ अलीगढ़ के लिए अपनी जायलो कार से रवाना हुए थे। अख्तरा गांव निवासी नूर हसन कार चला रहा था। इसी दौरान विट्टन खां नगरिया में रहने वाली बड़ी बहन के यहां कुछ देर रुके। खाना खाकर सभी लोग कार से अलीगढ़ को रवाना हुए, जनपद कासगंज के नगरिया से निकलते ही कार पलट कर गहरी खाई में जा गिरी। इसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बेटी सबा खानम ने हिम्मत से काम लेते हुए माता-पिता को कार से निकालकर नगरिया में अपने रिश्तेदारों को और परिवार वालों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे रिश्तेदारों ने सभी को कासगंज के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने विट्टन खां को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत को देखते हुए रेशमा बेगम को बरेली रेफर किया गया है।