शराब पीने पर डांटने पर उठाया आत्मघाती कदम
फैजगंज बेहटा के बाहर पेड़ पर लटका मिला शव
रक्षाबंधन पर एक शराबी अपनी बहन को जिंदगी भर का दाग दे गया। शराब पीने पर बहन का डांटना उसे इतना नागवार लगा कि उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सोमवार सुबह उसका शव कस्बे के बाहर पेड़ पर लटका मिला तो परिवार में कोहराम मच गया। जो भाई एक दिन पहले बहन को बुलाकर लाया वही राखी बंधवाने से पहले जिंदगी भर लिए छोड़कर चला गया।
कस्बा फैजगंज बेहटा के वार्ड नंबर दो निवासी श्यामपाल दिल्ली में रहकर काम करते हैं। उनके तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। इनमें दो बेटियों और एक बेटे की शादी हो चुकी है। तीनों बेटे असम में रहकर नौकरी करते हैं। इनमें 22 वर्षीय निखिल दो बहनों और एक भाई से छोटा था। रक्षाबंधन मनाने के लिए वह घर आया हुआ था। एक दिन पहले रविवार को निखिल संभल के मिथौली में रहने वाली अपनी बड़ी बहन को बुलाकर लाया था। रविवार शाम निखिल शराब पीकर घर पहुंचा। उसे नशे में देख बड़ी बहन ने डांट दिया। बहन का डांटना निखिल को इतना नागवार लगा कि उसने आत्महत्या करने का मन बना लिया। रात करीब 11 बजे अपनी छोटी बहन निशा का दुपट्टा लेकर घर से निकल गया। उसे गुस्से में देख परिवार वाले रोकते रहे, लेकिन वह रुका नहीं। शराब के नशे में निखिल कस्बे के बाहर मितरौली के पास छोटी बहन का दुपट्टा गले में बांधकर पेड़ पर लटक गया। सोमवार सुबह उधर से गुजरे लोगों ने उसका शव लटका देखा तो परिवार वालों को सूचना दी। फिर तो घर में कोहराम मच गया। कुछ देर के बाद पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिवार वालों का कहना है कि निखिल ने गुस्से में खुदकुशी की है।
शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पता लगा है कि परिवार में ही झगड़े की वजह से युवक ने खुदकुशी की है। रविवार रात वह शराब पीकर घर आया था। कोई तहरीर नहीं दी गई है।
-निर्मल सिंह बिष्ट, सीओ बिसौली