पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ दी तहरीर, आरोपी ने किया मारपीट से इनकार
पीएनबी शाखा वजीरगंज के प्रबंधक को प्रधान के देवर ने सिर्फ इसलिए जमकर पीट दिया कि उसने बिसौली शाखा प्रबंधक से बदतमीजी कर रहे दबंगों का विरोध किया। दबंगों ने बैंक से बाहर निकलने पर न सिर्फ उसे पीटा बल्कि उसकी कार भी तोड़ डाली। पीड़ित मैनेजर ने कोतवाली में एक व्यक्ति को नामजद करते हुए चार लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है।
पीएनबी वजीरगंज के शाखा प्रबंधक अरुण कुमार शर्मा सोमवार को नगर की बिसौली शाखा पर किसी काम से आए थे। वह शाखा प्रबंधक के केबिन में बैठे थे तभी परसिया प्रधान का देवर आया। आरोप है कि वह प्रबंधक पर अनाधिकृत कार्य का दबाव बनाने लगा। मना करने पर गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि वजीरगंज मैनेजर ने जब समझाना चाहा तो वह जान से मारने की धमकी देता हुआ बाहर निकल गया। शर्मा जब कार्य समाप्त होने के बाद बैंक परिसर से बाहर निकले तो आरोपी और उसके चार साथियों ने उसकी कार को घेर लिया और गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान दबंगों ने बैंक प्रबंधक की कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मैनेजर ने आरोपी सुनील और उसके चार अज्ञात साथियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, आरोपी सुनील सिंह का कहना है कि मैंने कोई मारपीट नहीं की है, प्रबंधक मामले को झूठा बनाकर प्रस्तुत कर रहा है।