बीओबी का मैनेजर बनकर किया ठग ने फोन
बैंक मैनेजर बनकर ठग ने शंकर लाल नाम के व्यक्ति से उसके एटीएम कार्ड की डिटेल पूछ ली। इसके बाद बैंक खाते से 46500 रुपये उड़ा लिए। शकर लाल के मोबाइल पर जब मैसेज आया तो उनको ठगी के बारे में पता लगा। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है।
शहर के मोहल्ला विजय नगर गली नंबर चार में रहने वाले शंकर लाल ड्राइवर हैं। शुक्रवार दोपहर उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक ऑफ बड़ौदा का प्रबंधक होना बताते हुए शंकर लाल से कहा कि उनके खाते में गड़बड़ी है। खाता बंद किया जा रहा है। इस पर शंकर लाल ने वजह पूछी। फोन करने वाले ने शंकर लाल से उनके एटीएम का पिन और पासवर्ड पूछा। कहा कि खाता ठीक करने के लिए यह जरूरी है। शंकर लाल ने डिटेल उसे बता दी। कुछ देर बाद शंकर लाल के मोबाइल पर मैसेज आया। उनके खाते से 46500 रुपये निकाले जा चुके थे। यह देखकर वह दंग रह गए। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है।