विवेचक को दिए बयान में खोली पड़ोसी के बेटे की करतूत
बृहस्पतिवार को होगा मेडिकल, पुलिस हिरासत में है आरोपी
बहला-फुसलाकर अगवा की गई किशोरी को पुलिस ने आरोपी युवक की निशानदेही पर बरामद कर लिया। पुलिस के सामने उसने जो बयान दिया, उससे आरोपी युवक की करतूत सामने आ गई। किशोरी का कहना है कि उसको बंधक बनाकर रेप किया गया। पुलिस बृहस्पतिवार को किशोरी का मेडिकल कराएगी। मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। पांच दिन पहले गांव के ही एक व्यक्ति की 16 वर्षीय बेटी को पड़ोस का जाकिर पुत्र हसन बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया। भनक लगते ही किशोरी के घरवाले उसकी तलाश में जुट गए। शक होने पर उन्होंने जाकिर के घरवालों से बात की। घरवालों से कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने खुद पैरोकारी कर किशोरी के बारे में जानकारी हासिल कर ली। पुलिस ने सबसे पहले जाकिर को पकड़ा फिर उसकी निशानदेही पर किशोरी की जानकारी हासिल कर ली। मामला अलग-अलग समुदाय से होने की वजह से पुलिस ने भी सख्ती से काम लिया। बरामद किशोरी के घरवालों का कहना है कि जाकिर के साथ गांव का ही एक और युवक भी शामिल था लेकिन वह पुलिस की पकड़ में नहीं आया। विवेचक अरविंद यादव के सामने किशोरी ने अपने बयान में जाकिर पर अपहरण के बाद बंधक बनाकर रेप करने का आरोप लगाया। विवेचक ने बताया कि पुलिस उसका बयान ले चुकी है। बृहस्पतिवार को किशोरी का मेडिकल कराया जाएगा। इसके बाद ही किशोरी के 164 के बयान होंगे। पुलिस ने किशोरी के पिता की तहरीर पर जाकिर के खिलाफ तीन दिन पहले ही नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी। इधर, पुलिस हिरासत में मौजूद जाकिर से भी पूरे दिन पूछताछ चली। उसका अभी चालान नहीं किया गया है।