हादसे में भाई की मौत के बाद अगवा छात्रा रहस्यमय ढंग से घर लौट आई। बुधवार को कोतवाली पुलिस ने उसका मेडिकल कराया। इसमें डॉक्टर्स ने रेप की पुष्टि की है। छात्रा के अपहरण का मामला 28 जनवरी को कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया था। छात्रा के लौटने के बाद साफ हो गया कि उसका अपहरण नहीं हुआ था।
एक छात्रा 14 जनवरी को लापता हो गई थी। परिवार वालों ने 28 जनवरी को सिविल लाइंस थाने के चंदोखर गौटिया निवासी हरीओम, कादरचौक थाने के गांव मामूदगंज के ख्याली राम और इन दोनों की पत्नियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। छात्रा के भाई और मामा के साथ पुलिस ने सोमवार को कासगंज में दबिश दी। वहां हरिओम और ख्याली को गिरफ्तार कर लिया। लौटते समय इनकी कार कछला मोड़ पर रोडवेज बस से टकरा गई। हादसे में छात्रा के भाई की मौत हो गई। दरोगा अशोक कुमार समेत छह लोग घायल हो गए। भाई की मौत के बाद मंगलवार रात छात्रा रहस्यमय ढंग से घर लौट आई। पुलिस अपहरण के इस मामले को अब संदिग्ध मान रही है। माना जा रहा है कि छात्रा अपनी मर्जी से गई थी।