अलापुर (बदायूं)। थाना क्षेत्र में एक आठ वर्षीय बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों ही आरोपी नाबालिग हैं और अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बालिका को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
यह मामला यहां नगर पंचायत सखानू का है। एक आठ वर्षीय बालिका शनिवार दोपहर बाद अपनी दादी के साथ खेत पर गई थी। आरोप है कि उसी दौरान बालिका खेलते हुए पास के बाग में पहुंच गई। उस बाग में पहले से 14 से 16 साल के दो लड़के मौजूद थे। दोनों लड़के बालिका को बहला फुसलाकर झाड़ियों में ले गए और दोनों ने बालिका के साथ दुष्कर्म किया। बालिका की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंच गए लेकिन तब तक दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। परिवार वालों को सूचना दी गई, जिस पर बालिका के परिवार वाले भी बाग में पहुंच गए और उसे तुरंत अलापुर थाने ले गए, जहां से पुलिस ने बालिका को मेडिकल परीक्षण के लिए महिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने बालिका के पिता की तहरीर पर दोनों नाबालिगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
-------------------------
परिवार वालों की जो तहरीर आई है, उसके आधार पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आगे की कार्रवाई बालिका की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर होगी।
- कृष्ण गोपाल शर्मा, इंस्पेक्टर अलापुर