इस्लामनगर के बझांगी में फिर से हुई फायरिंग
चौबीस घंटे में तीन बार गांव में चली गोली, कार्रवाई से कतरा रही पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
नूरपुर पिनौनी (बदायूं)। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बझांगी में दो पक्षों का विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह से लेकर शाम तक दोनों पक्षों में तीन बार फायरिंग हुई, जिससे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने अब तक किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
ग्राम बझांगी निवासी दोनों पक्षों में होली के दूसरे दिन फायरिंग हुई थी, जिसमें दोनों ने एक-दूसरे खिलाफ तहरीर दी थी। इस पर अभी कार्रवाई नहीं हो पाई थी कि रविवार सुबह दोनों पक्ष फिर आमने सामने आ गए और उन्होंने एक-दूसरे पर फायरिंग कर दी। इससे गांव वाले अपने-अपने घरों में छिप गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक दोनों पक्ष के आरोपी मौके से फरार हो गए। सूत्रों के मुताबिक दो घंटे बाद दोनों पक्षों में फिर फायरिंग हुई। इस पर पुलिस ने भारत पक्ष के जगराज और जालंधर पक्ष के महाशय को पकड़ लिया। फिर दोनों को थाने ले गई। इधर, शाम करीब चार बजे भारत का भतीजा बन्नो गेहूं में पानी लगा रहा था। आरोप है कि तभी दूसरे पक्ष ने उसे घेर लिया। वे तो मौके से भाग गया लेकिन आरोपियों ने उसके इंजन में तोड़फोड़ कर दी। उसके बाद मौके से फरार हो गए। देर शाम तक इस मामले में किसी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। इस्लामनगर इंस्पेक्टर अजय कुुमार चाहर ने बताया कि गांव में फायरिंग की सूचना मिलती है, लेकिन वहां कोई नहीं मिलता। रविवार को भी सूचना मिली थी, जिसके बाद गांव जाकर कुछ लोगों को पकड़ा गया है।