पीसी शर्मा दिन भर नजरबंद
शाम को लखनऊ हुए रवाना
साधना शर्मा हत्याकांड: साथ में गए हैं दो कांस्टेबल भी
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। साधना शर्मा हत्याकांड में सीबीआई जांच की मांग उठाने वाले पीसी शर्मा सोमवार को घर में नजरबंद रहे। उनके घर पर पुलिस कर्मियों को लगा दिया गया था। बावजूद इसके पीसी शर्मा ने मुख्यमंत्री से मिलने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें लखनऊ नहीं जाने दिया गया तो उसी समय से आमरण अनशन शुरू कर देंगे। अंतत: शाम को वह लखनऊ रवाना हो गए। एसएसपी के निर्देश पर उनके साथ दो कांस्टेबल साथ गए हैं।
एडीजीसी साधना शर्मा हत्याकांड का मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है। उझानी पुलिस पीसी शर्मा और कई लोगों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इस समय पीसी शर्मा जमानत पर चल रहे हैं। तीन दिन पहले पीसी शर्मा ने साधना शर्मा हत्याकांड में सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई थी। उन्होंने डीएम को ज्ञापन भी सौंपा था। उन्होंने कहा था कि वह इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलेंगे। अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह मुख्यमंत्री दरबार के सामने ही अपनी मां के साथ आमरण अनशन शुरू कर देंगे। लखनऊ रवाना होते उससे पहले उन्हें नजरबंद कर दिया गया। पीसी शर्मा की माने तो रविवार रात करीब 12 बजे सिविल लाइंस के इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर पुलिस टीम के साथ उनके घर पहुंचे। उन पर लखनऊ नहीं जाने की पाबंदी लगाई गई। देर रात तक उनके घर में पुलिस टीम मौजूद रही। सोमवार सुबह थाने से दो सिपाही भेज दिए गए हैं। तब से लेकर उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया। पीसी शर्मा ने बताया कि वह इस मामले में मुख्यमंत्री से मिल कर रहेंगे। अगर उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो वह उसी समय से अपनी मां के साथ आमरण अनशन शुरू कर देंगे। अंतत: सोमवार शाम को उन्हें लखनऊ जाने की अनुमति मिल गई। एसएसपी अशोक कुमार के निर्देश पर उनके साथ दो कांस्टेबल गए हैं।