विवाहिता की लाश घर में
लटकी मिली, पति फरार
कमरे का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला
अमर उजाला ब्यूरो
फैजगंज बेहटा (बदायूं)। फैजगंज बेहटा इलाके में सोमवार रात एक विवाहिता की लाश घर के कमरे में लटकी पड़ोसियों ने देखी। पड़ोसी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतारा। मृतका का पति घर से फरार है। विवाहिता का मायका बरेली के आंवला कस्बे में है। पुलिस ने मृतका के मायके वालों को सूचना दे दी है।
फैजगंज थाना क्षेत्र के मुड़िया धुरेकी निवासी रूप बसंत और उसकी पत्नी 23 वर्षीय रोशनी रहते थे। सोमवार रात करीब आठ बजे पड़ोसी किसी काम से रूप बसंत के घर में गए तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस बीच कई लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो कमरे में रोशनी की लाश लटकी हुई थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फैजगंज बेहटा पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। इसके बाद पुलिस ने शव नीचे उतारकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक रोशनी और रूप बसंत की शादी तीन साल पहले हुई थी। रोशनी का मायका बरेली के आंवला कस्बे में रेलवे स्टेशन के सामने है। किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा रहता था। तलाश करने पर रूप बसंत का कुछ पता नहीं चला। रोशनी खुद फंदे पर लटकी या उसे लटकाया गया यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चलेगा।