बिल्सी विधायक से रंगदारी मांगने वाले पर रिपोर्ट
बुधवार को भी आया धमकी भरा मैसेज,
लिखा, परिवार के किसी सदस्य को मार देंगे
फोटो--18
अमर उजाला ब्यूरो
बिसौली (बदायूं)। प्रदेश के 14 विधायकों से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रकम न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। व्हाट्सऐप पर मैसेज भेजकर रंगदारी मांगने वाला दाउद का गुर्गा बताया जा रहा है। भाजपा के जिन विधायकों से रंगदारी मांगी गई है उनमें बदायूं के बिल्सी विधायक आरके शर्मा भी शामिल हैं। इस मामले में विधायक आरके शर्मा की ओर से बिसौली थाने में मोबाइल नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मैसेज भेजने वाले मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया गया है। बावजूद इसके धमकी भरे मैसेज लगातार आ रहे हैं। संदेश भेजने वाले ने बुधवार को विधायक के मोबाइल पर व्हाट्सऐप कॉल की और जान से मारने का मैसेज भेजा।
भाजपा विधायक आरके शार्मा के मुताबिक उनके मोबाइल पर सबसे पहला मैसेज 23 मई को आया था। मैसेज में लिखा था कि अगर वह अपने परिवार की सुरक्षा चाहते हैं तो तीन दिन के अंदर दस लाख रुपये की व्यवस्था कर लें। गपशप करने का उनके पास टाइम नहीं है। मैं अली बुदेश भाई हूं। मुझे पता है कि आप पैसे की व्यवस्था नहीं करेंगे। जब तक आप अपने परिवार के किसी सदस्य की लाश नहीं देख लेते। हम वादा करते हैं कि तीन दिन के अंदर इसका परिणाम जरूर दिखा देंगे। समय बर्बाद मत करो, जल्दी रुपयों की व्यवस्था करो। मैंने आपके परिवार के सदस्यों की फोटो अपने गैंगस्टर भाइयों को भेज दी है। वह कल से अपना काम शुरू कर देंगे। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे फिर मैसेज आया। जिसमें लिखा कि मुझे लगता है कि एक परिवार के सदस्य की हत्या के बाद आप पैसे की व्यवस्था करेंगे। ऐसे मैसेज भेजने वाला लगातार वीडियो कॉलिंग भी कर रहा है। हालांकि विधायक ने अभी कॉल रिसीव नहीं की है। उन्होंने इस संबंध में एसएसपी अशोक कुमार से बात की है। एसएसपी के निर्देश पर बिसौली पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 66 और आईपीसी की धारा 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इंसेट---
विधायक के घर बढ़ाई गई सुरक्षा
-बिल्सी विधायक आरके शर्मा की सुरक्षा व्यवस्था में पहले से दो सिपाही तैनात थे। धमकी भरे मैसेज आने के बाद एसएसपी के आदेश पर दो सिपाही और लगाए गए हैं। साथ ही थाना पुलिस को भी सचेत किया गया है।
इंसेट---
धमकी देने वाले हैं विदेश के नंबर
-जिन मोबाइल नंबरों से विधायक आरके शर्मा को धमकी भरे मैसेज भेजे जा रहे हैं। दोनों नंबर विदेशी लग रहे हैं। अब तक उन्हें एक नंबर से मैसेज आ रहे थे। बुधवार को एक अन्य नंबर से धमकी भरा मैसेज आया। उसमें चित्र डाला गया है, उसमें कहा गया कि आज यह हाल इसका है, कल आपके परिवार के किसी सदस्य का भी हो सकता है।
---
यह मामला अकेले बिल्सी विधायक का नहीं है। प्रदेश के 14 विधायकों को एक ही तरह नंबर से मैसेज भेजने के साथ वीडियो कॉल की जा रही है। इस मामले की एसटीएफ जांच कर रही है। जिला पुलिस को भी लगाया गया है। विधायकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
डीके ठाकुर, आईजी