बदायूं। तीन लोगों ने एक युवक को बरेली तक ले जाने के लिए अपनी कार में लिफ्ट देने के बाद उससे दो हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद उसे खेड़ा नवादा के पास चलती कार से फेंक कर भाग गए। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर लूटपाट करने वालों की तलाश शुरू कर दी है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पंडित जी पंप के पास रहने वाला पवन शुक्रवार रात बरेली जाने के लिए निकला था। वह इंदिरा चौक के पास खड़ा वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसके पास उसके पास एक कार आकर रुकी। कार में तीन लोग सवार थे। इन लोगों ने पवन से बरेली चलने की बात कही। झांसे में अकर वह कार में बरेली जाने के लिए बैठ गया। इसके बाद कार सवार तीनों लोगों ने दातागंज तिराहे के पास पवन से लूटपाट शुरू कर दी। उसके पास दो हजार रुपये थे। यह रुपये उससे लूट लिए गए। दो बदमाश लूटपाट करते रहे और उनका एक साथी कार को तेज रफ्तार से चलाता रहा। रात में करीब 11:30 बजे बदमाशों ने पवन को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में खेड़ा नवादा के पास चलती हुई कार से नीचे फेंक दिया। उसने नवादा चौकी पहुंच कर घटना के बारे में बताया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश भी की, लेकि न कामयाबी नहीं मिली। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस राजीव कुमार शर्मा के मुताबिक मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।