कुंवरगांव (बदायूं)। बिल्सी थाने के गांव वैन निवासी युवक चंद प्रकाश ने प्रेम प्रसंग में खुद के अपहरण का नाटक रचा था। पुलिस ने कुंवरगांव थाने के गांव गर्रुइया से उसकी बाइक बरामद कर ली है। मोबाइल फोन से लोकेशन ट्रेस करने के बाद एसओजी और पुलिस की टीमें गुजरात रवाना हो गई हैं। उम्मीद की जा रही है कि पुलिस चंद्र प्रकाश को जल्द बरामद करके यहां ले आएगी।
बिल्सी के गांव वैन निवासी बृजराम का पुत्र चंद्र प्रकाश बुधवार को घर से यह कहकर निकला था कि वह बरेली के भमोरा में अपने एक दोस्त की बहन की शादी में जा रहा है। बृहस्पतिवार को सुबह करीब चार बजे चंद्र प्रकाश ने अपने भाई मनोज को फोन कर बताया कि भमोरा से लौटते वक्त वजीरगंज के गांव सोई के पास उसका अपहरण कर लिया गया है। बाइक बदमाशों ने लूट ली है। उसे एक कोठरी में बंद करके रखा गया है। एसएसपी चंद्र प्रकाश के आदेश पर कुंवरगांव थाना पुलिस ने मामले में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया था। चंद्र प्रकाश की बरामदगी में जुटी पुलिस ने शुक्रवार को उसकी बाइक कुंवरगांव के गांव गर्रुइया से बरामद कर ली। जांच में पता लगा कि चंद्र प्रकाश का गर्रुइया की एक लड़की से प्रेम प्रसंग था। बुधवार रात वह उसी से मिलने आया था। यहां लड़की के परिवार वालों ने उसे लड़की के साथ देख लिया। इसके बाद चंद्रप्रकाश बाइक छोड़कर भाग गया था। इधर, जांच में जुटी एसओजी और सर्विलांस टीम ने चंद्र प्रकाश की मोबाइल लोकेशन भी ट्रेस कर ली। शुक्रवार रात को एसओजी और पुलिस टीमें चंद्र प्रकाश को लेेने गुजरात रवाना हो गई हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सब कुछ ठीक रहा तो रविवार तक टीम चंद्र प्रकाश को लेकर बदायूं पहुंच जाएगी। उधर, एसपी सिटी कमल किशोर ने बताया कि मामले में जांच जारी है। टीमें लगी हुई हैं। कुछ ठोस क्लू मिले हैं, लेकिन, इस बारे में अभी ज्यादा कुछ नहीं कह सकता। युवक की बरामदगी जल्द कर ली जाएगी।