आसफपुर/ओरछी। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर सोमवार दोपहर चंदौसी से दवा लेकर लौट रहे बाइक सवार पिता-पुत्रों को एक ट्रक ने कुचल दिया, जिसमें पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठा दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उस वक्त बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेज दिया।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के ग्राम मितरौली निवासी केदार सिंह (66) कुछ दिन से सांस की बीमारी से परेशान थे। सोमवार सुबह केदार अपने दिव्यांग बेटे लेखराज (22) और दूसरे बेटे भजनलाल (18) के साथ बाइक से दवा लेने चंदौसी गए थे। दोपहर के समय तीनों पिता-पुत्र दवा लेकर वापस लौट रहे थे। उस समय वो हेलमेट नहीं लगाए थे। बाइक छोटा बेटा भजनलाल चला रहा था। फैजगंज बेहटा इलाके में पहुंचते ही ग्राम परमानंदपुर के नजदीक और सांई कोल्ड स्टोर के सामने पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे केदार सिंह और लेखराज सड़क पर जा गिरे। इसके बाद ट्रक उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया, जबकि भजनलाल ट्रक की चपेट में आने से घायल हो गया। उधर से गुजर रहे लोगों ने हादसे को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तब तक चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया। उसके बाद पुलिस घायल भजनलाल को स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से उसे गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इधर, हादसे की सूचना पर केदार सिंह के परिवार में कोहराम मच गया। कुछ देर बाद परिवार वाले रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। उसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को सील करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे में दिव्यांग हुआ था लेखराज
-ग्राम मितरोली निवासी दिव्यांग लेखराज चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। करीब पांच साल पहले लेखराज के साथ एक हादसा हो गया था, जिसमें उसे अपना एक पैर गंवाना पड़ा था। सोमवार को हादसे में उसकी मौत हो गई।