बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के टाउन एरिया गुलड़िया में गुरुवार रात एक युवक ने फंदे पर लटककर जान दे दी। सुबह परिवार वाले सोकर उठे तो उन्होंने युवक का शव फंदे पर लटका देखा। बाद में उन्होंने चुपचाप शव का अंतिम संस्कार कर दिया। करीब 19 वर्षीय युवक बीए का छात्र था। मोहल्ले वालों की माने तो युवक का किसी लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह शादी करना चाह रहा था लेकिन परिवार वाले इसका विरोध कर रहे थे। इससे गुस्से में आकर उसने आत्महत्या कर ली। गुरुवार रात उसने परिवार वालों के साथ खाना खाया था। उसके बाद बैठक में सोने चला गया। रोज की तरह परिवार वाले शुक्रवार सुबह सोकर उठे। उसकी मां बैठक में झाडू लगाने गई, तभी बेटे का शव फंदे पर लटका देखकर चीख पड़ी। कुछ ही देर में मोहल्ले के लोग जमा हो गए। उसके बाद परिवार वालों ने शव को नीचे उतार लिया और बाद में उन्होंने अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में परिवार वालों ने पुलिस को सूचना नहीं दी है। ब्यूरो