जरीफनगर (बदायूं)। मंगलवार रात चोरों ने एक सुनसान घर को निशाना बना लिया और ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान ले गए। मकान मालिक ने पुलिस को तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के कस्बा दहगवां निवासी भीष्म यादव के घर में मंगलवार रात चोरी हो गई। उनके पड़ोस में देर शाम मुल्लू यादव की पत्नी की आकस्मिक मौत हो गई थी। भीष्म यादव का पूरा परिवार उनके घर गया था। उनके घर पर ताले पड़े थे। इसी बात का फायदा उठाते हुए चोर मंगलवार रात उनके घर में ताला तोड़कर घुस गए और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और कपड़े बर्तन समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी करके ले गए। परिवार वाले सुबह घर लौटे तो उन्होंने कमरों में सामान इधर-उधर फैला देखा। घर की हालत देखकर परिवार वाले दंग रह गए। उन्होंने तुरंत जरीफनगर इंस्पेक्टर पंकज लवानिया को इसकी सूचना दी, जिस पर दहगवां चौकी इंचार्ज हरिओम राजपूत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मामले की छानबीन करते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया है।