सहसवान। पुलिस ने एक घर में छापा मारकर अवैध रूप से बूचड़खाना चला रहे एक युवक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से गोवंशीय मांस और मांस काटने के उपकरण बरामद किए। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गए आरोपित को जेल भेज दिया। पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि नगर के मोहल्ला काजी में एक युवक अपने घर में अवैध रूप से बूचड़खाना चला रहा है जहां गोवंशीय पशुओं का मांस काट कर बेचा जा रहा है। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कुशलवीर सिंह ने एसआई रामानंद गिरि और ईशम सिंह के साथ मुश्ताक कुरैशी के घर पर छापा मारा जहां एक युवक को पशुओं की हत्या करते रंगे हाथों पकड़ लिया। जबकि दूसरा युवक मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने मौके से करीब 40 किलो गोवंशीय पशु का मांस और मांस काटने के उपकरण बरामद किए। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम कमर जावेद पुत्र मुश्ताक कुरैशी और फरार व्यक्ति को अपना पिता मुश्ताक कुरैशी बताया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गोवध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कमर को जेल भेज दिया और मांस को परीक्षण के बाद नष्ट करा दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कुशलवीर सिंह ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध रूप से कोई बूचड़खाना नहीं चलने दिया जाएगा। ऐसे लोगों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।