दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने नूरपुरपिनौनी इलाके में खंजनपुर गांव के पास चंदौसी के चीनी व्यापारी से 50 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक बदमाशों की तलाश में कांबिंग की लेकिन सफलता नहीं मिली। चंदौसी के चीनी व्यापारी मोहन मंगलवार को वसूली के लिए निकले थे। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव नाधा और दानपुर से वसूली करके वह लौट रहे थे। रास्ते में खंजनपुर-नूपुरपिनौनी के बीच दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने उनको घेर लिया। एक बदमाश ने उनकी चलती हुई स्कूटी को पैर मारकर गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने उनसे 50 हजार रुपये लूट लिए। मोहन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ रुकुमपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना का जल्द वर्कआउट कर दिया जाएगा।