उझानी (बदायूं)। अंग्रेजी शराब पर ओवररेट वसूल किए जाने के मामले में आबकारी अफसरों की अनदेखी की वजह से गुुरुवार रात फिर से सेल्समैन और ग्राहक के बीच कहासुनी हो गई। ग्राहक ने अपने परिचितों को बुलाकर हंगामा भी किया, नौबत मारपीट तक आ पहुंची।
ओवररेट को लेकर हंगामे का मामला रात करीब नौ बजे का है। पड़ोसी गांव का नत्थूलाल ओर उसका रिश्तेदार यहां मेन मार्केट स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर दो पौवे लेने पहुंचा। प्रति पौवा उससे 10 रुपया अधिक वसूला गया तो उसने सेल्समैन को आड़े हाथ ले लिया। ओवररेट नहीं देने पर नत्थूलाल को दुकान पर से उतार दिया गया। इससे गुस्साए नत्थू ने अपने परिचित तीन-चार लोगों को भी बुला लिया। सेल्समैन से कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने हंगामा कर दिया। कहासुनी भी काफी देर तक हुई। बताते हैं कि इनमें से एक व्यक्ति ने आबकारी निरीक्षक से भी फोन पर शिकायत की। बता दें कि पिछले दिनों ओवररेट की शिकायत करने पर रिसौली निवासी सौरभ की मैनेजर समेत दो लोगों ने रास्ते में घेरकर पिटाई कर दी थी। सौरभ की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मैनेजर समेत दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कर ली थी। इधर, दरोगा शिवेंद्र सिंह ने बताया कि सौरभ के मामले में निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है लेकिन गुरुवार रात हंगामा होने होने की शिकायत कोतवाली नहीं आई है।