फोटो-41 से 44
युवक की गोली मारकर हत्या
गुस्साए परिवार वालों ने बदायूं-मेरठ पर किया जाम, अफसरों के समझाने पर माने
पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, एक हिरासत में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
सहसवान (बदायूं)।
पांच युवकों ने अपने दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। परिवार वाले हत्या के पीछे घटना का कारण लूटपाट बता रहे हैं। घटना का पता लगने पर गुस्साए परिवार वालों ने बदायूं-मेरठ हाईवे जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे अफसरों के समझाने पर बमुश्किल लोग शांत हुए। मृतक के पिता की ओर से पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने एक आरोपी पकड़ लिया है।
करीब 32 वर्षीय ओमकार सिंह उर्फ ओमप्रकाश पुत्र जयप्रकाश नगर के अकबराबाद मोहल्ले के रहने वाले हैं। परिजनों के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब एक बजे उनके घर ग्राम सुजावली निवासी शैतान सिंह उर्फ कप्तान सिंह पुत्र सुम्मेरी पहुंचा। वह ओमकार को अपनी बाइक पर बैठाकर साथ ले गया। उसके घर पर पहले से चार युवक मौजूद थे। वहां ओमकार से पांचों लोग मिलकर उसका मल्टीमीडिया मोबाइल, गले में पड़ी सोने की चेन और 15 हजार रुपये छीनने लगे। ओमकार के विरोध करने पर चारों ने उसे दबोच लिया। तभी शैतान सिंह ने तमंचा निकालकर ओमकार के गोली मार दी। सिर में गोली लगने से ओमकार वहीं गिर गया। इसके बाद आरोपी रुपये, सोने की चेन और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
हत्या की सूचना मिलने पर मृतक ओमकार के परिजन और मोहल्ले वाले मौके पर जा पहुंचे। इस बीच कोतवाली पुलिस भी पहुुंच गई। पुलिस ने शव उठाकर ले जाने का प्रयास किया। नाराज लोगों ने युवक की लाश नहीं जाने दी और बदायूं- मेरठ हाईवे जहांगीराबाद चौराहे पर ईंट-पत्थर, बल्ली डालकर जाम लगा दिया। इसकी सूचना मिलते ही एसडीएम नितीश कुमार, एसपी देहात डॉ.सुरेंद्र प्रताप सिंह और सीओ राघवेंद्र सिंह राठौर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को काफी समझा बुझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक के पिता की ओर से शैतान सिंह उर्फ कप्तान सिंह, उसके भाई केवल उर्फ हीरो निवासी जहांगीराबाद, पिंटू पुत्र पूरन निवासी ग्राम सुजावली हाल निवासी मोहल्ला जहांगीराबाद, परवेज और शैतान सिंह के साले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी शैतान सिंह के साले को गिरफ्तार भी कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक ओमकार और उसकी हत्या में नामजद आरोपी आपस में दोस्त हैं। आरोपी शैतान सिंह के पास ओमकार का मोबाइल था। वही ओमकार को बुलाकर अपने घर ले गया था। वहां पहुंचने पर ओमकार ने अपना मोबाइल मांगा। इसी को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। तभी शैतान सिंह ने तमंचा निकालकर ओमकार के गोली मार दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। उधर, परिवार वाले लूटपाट के लिए हत्या की बात कर रहे हैं।
--------
युवक व उसकी हत्या में नामजद आरोपी आपस में मित्र थे। शैतान सिंह ठेकेदारी करता है। वह ओमकार को अपने साथ ले गया था। शैतान सिंह के पास ओमकार का मोबाइल था। उसके मांगने पर आरोपी ने गोली मार दी। सभी दोस्त पूर्णागिरि जाने के लिए एकत्र हुए थे। हत्या की रिपोर्ट दर्ज हो गई है।
- अशोक कुमार, एसएसपी