बिसौली। चोरों ने सोमवार रात कोतवाली क्षेत्र के गांव धर्मपुर में चार घरों में नकब लगा लिया। तीन घरों में तो चोरी करने में चोर कामयाब नहीं हो सके। एक घर से नकदी समेत करीब एक लाख रुपये का माल साफ कर दिया। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव धर्मपुर में सोमवार रात गांव के सियाराम, सोहनपाल, राकेश और धर्मपाल अपने घरों में छत पर सो रहे थे। रात में मौका पाकर चोरों ने चारों के घर में नकब लगा लिया। चोरों ने राकेश के घर से 23 हजार रुपये की नकदी, 50 हजार रुपये के जेवर समेत करीब एक लाख रुपये का माल साफ कर दिया। बाकी तीन घरों में चोर कामयाब नहीं हो सके। सुबह होने पर चोरी के बारे में पता लगा। राकेश की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
-------
दुकान और घर से दो लाख का माल चोरी
-फैजगंज बेहटा के गांव खेड़ादास में हुई चोरी की वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
ओरछी। थाना फैजगंज बेहटा के गांव खेड़ादास में चोरों ने एक टेलर की दुकान और बंद पड़े एक घर में हाथ साफ कर दिया। दोनों स्थानों से चोर नकदी और जेवर समेत करीब दो लाख रुपये का माल समेट कर ले गए। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है।
फैजगंज बेहटा के गांव खेड़ादास निवासी मुनेंद्र शर्मा अपने परिवार के साथ तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। रात में मौका पाकर चोर ताले तोड़कर उनके घर में घुस गए। चोरों ने यहां से 30 हजार रुपये की नकदी और जेवर समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का माल साफ कर दिया। इसी रात चोरों ने गांव में ही टेलर की दुकान चलाने वाले संतोष की दुकान के ताले तोड़ लिए। यहां से चोरों ने ढाई हजार रुपये नकदी, चार जोड़ी बने हुए कपड़े, एक मोबाइल समेत करीब 20 हजार रुपये का माल साफ कर दिया। दोनों लोगों ने रिपोर्ट कराने को थाने में तहरीर दी है।