कार सवार पांच बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
सिविल लाइंस क्षेत्र में भगवतीपुर के पास हुई वारदात
सेंट्रो कार सवार पांच बदमाशों ने हाईवे पर दवा व्यापारी से सरेशाम असलहों के बल पर 40 हजार रुपये लूट लिए। लूट की यह वारदात मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर सिविल लाइंस थाने के गांव भगवतीपुर के पास हुई। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है।
शहर के दवा व्यापारी संजीव वैश्य का मढ़ई चौक पर नामानुज नाम से मेडिकल स्टोर है। मंगलवार को वह वजीरगंज से वसूली करके मारूति वैन से लौट रहे थे। वैन उनका चालक राकेश चला रहा था। भगवतीपुर गांव के पास वैन को सेंट्रो कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक करके रोक लिया। इसके बाद संजीव वैश्य और राकेश के सीने पर तमंचे रख दिए। दो बदमाशों ने पूरी वैन की तलाशी की। बदमाशों ने व्यापारी से 40 हजार रुपये कैश और एक मोबाइल लूट लिया। जाते वक्त बदमाश वैन की चाबी भी अपने साथ ले गए। आस-पास गांवों के लोगों ने खबर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। व्यापारी ने रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दे दी है।