थाना क्षेत्र के ग्राम भिंदुलिया प्लासी में शुक्रवार शाम एक बुजुर्ग व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार वालों ने पीटकर हत्या का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने एक स्कूल वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। वहीं पुलिस द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वृद्ध की मौत का कारण बीमारी बताया गया है।
करीब 60 वर्षीय महेंद्र कठेरिया बिनावर थाना क्षेत्र के ग्राम भिंदुलिया प्लासी निवासी था। उसके बेटे योगेंद्र उर्फ पप्पू का आरोप है कि गुरुवार सुबह घटपुरी निवासी सोमपाल पुत्र जसवीर उनके घर आया था। उसने महेंद्र कठेरिया को रविंद्र सिंह कल्पना सिंह इंटर कॉलेज में चौकीदारी की नौकरी दिलाने की बात कही थी और फिर वह उसके पिता को अपने साथ ले गया। उसी दिन शाम को वह स्कूल वाहन में महेंद्र को बेहोशी की हालत में घर छोड़ गया। हालत देखकर परिवार वाले उन्हें स्थानीय अस्पताल में ले गए। उनको दवा दिलाई। शुक्रवार देर शाम उनकी मौत हो गई। पप्पू का आरोप है कि उसके पिता की पीट-पीटकर हत्या की गई। पप्पू की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार दोपहर महेंद्र के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक महेंद्र की बीमारी से मौत हुई है। उसके फेफड़ों में पस भरा हुआ था। आस-पास की झिल्लियों में पस था। उसे टीवी जैसी कोई बीमारी होगी। जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल शरीर पर कोई चोट के निशान मिलने से इंकार किया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद वृद्ध के शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।