फोटो-39
आजमपुर बिसौरिया दोबारा पहुंचे एसएसपी, पीड़ित परिवार से मिले
दलित सीताराम से हालचाल लिया, सुरक्षा व्यवस्था देखी
दलित को पेड़ से बांधकर पीटने, मूंछ उखाड़ने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
दातागंज।
एसएसपी अशोक कुमार शुक्रवार को दोबारा आजमपुर बिसौरिया गांव जा पहुंचे। उन्होंने पीड़ित दलित सीताराम और उनके परिवार से मिलकर बातचीत की और हालचाल लिया। कुछ गांव वालों से बातचीत की। दलित सीताराम के घर लगी सुरक्षा का जायजा लिया।
थाना हजरतपुर के ग्राम आजमपुर बिसौसिया में 23 अप्रैल को गांव निवासी दलित सीताराम को गांव के ही कुछ लोगों ने गेहूं नहीं काटने पर अपनी चौपाल पर ले जाने के बाद पेड़ से बांधकर पिटाई की। यहीं नहीं हमलावरों ने उसकी मूंछ उखाड़ ली। आरोप है कि साथ ही जूते में मूत्र भी पिलाया। पीड़ित के शिकायत करने के बाद भी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की थी। बाद में आईजी समेत पुलिस के अन्य अफसरों से शिकायत होने पर पुलिस ने कार्रवाई की तो पीड़ित का भी दफा 151 में चालान कर दिया। बाद में आईजी और एसएसपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी विजय सिंह, शैलेन्द्र सिंह, विक्रम सिंह, व पिंकू सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आईजी डीके ठाकुर, एसएसपी अशोक कुमार के साथ ही अन्य पुलिस अफसरों ने गांव पहुंचकर जायजा लिया था। पीड़ित के घर पर पुलिस पिकेट को भी लगा दिया गया था। आज फिर एसएसपी पीड़ित परिवार के घर जाकर उनसे मिले। किसी भी प्रकार की परेशानी होने के बारे में सीताराम और उसके परिवार वालों से पूछा। कहा कि पुलिस प्रत्येक परिस्थिति में उनके साथ है । पीड़ित सीताराम ने कहा कि अब उसे किसी भी प्रकार की परेशानी व भय नहीं है । वह और उसका परिवार बिना किसी डर के गांव में घूम रहे हैं तथा अपने दैनिक कार्य कर रहे हैं ।