आसफपुर/ओरछी (बदायूं)। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव खेड़ादास में एक किसान की पशुशाला से रविवार रात चोरी किए गए चार गोवंशीय पशुओं में से दो के अवशेष सोमवार सुबह संभल जिले की सीमा में पड़े मिले। इससे हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों में रोष फैल गया। भाजपा नेता के साथ ग्रामीणों ने थाने में प्रदर्शन किया तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। संभल की चंदौसी कोतवाली में भी पशु कटान का मामला दर्ज किया गया है।
थाना फैजगंज बेहटा के गांव खेड़ादास निवासी उमेश की तीन गाय और दस दिन की एक बछिया पशुशाला में बंधे हुए थे। रविवार रात किसी समय चोरों ने पशुशाला का ताला तोड़कर चारों पशुओं को चोरी कर लिया। सुबह पशुशाला में पशु न होने पर पशु स्वामी उमेश ने ग्रामीणों के साथ पशुओं की खोज की। बताते हैं कि निकटवर्ती जिले संभल के चंदौसी थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव मई के जंगलों में एक गाय तथा बछिया के अवशेष मिल गए। वहीं दो गाय घायल हालत में जंगल में भटकती हुई मिल गईं। तब ग्रामीणों ने घटना की सूचना चंदौसी पुलिस को भी दी। चंदौसी पुलिस ने पशुओं के अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता डॉ. विशाल चौहान के नेतृत्व में कई लोग थाना फैजगंज बेहटा पहुंच गए। इन लोगों ने प्रदर्शन कर पशु कटान करने के आरोपियों को पकड़ने की मांग की। तब थाना पुलिस ने पशु स्वामी उमेश की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसओ आकाश कुमार का कहना है कि पशुओं को काटने की जगह जिला संभल में है, उसकी रिपोर्ट वहीं दर्ज होगी। जबकि पशु चोरी का मामला उनके क्षेत्र में है। पशुपालकों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
---------------------
पुलिस की कार्यशैली पर जताया रोष
घटनास्थल पर पहुंचे हिंदू जागरण मंच के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर ने कहा कि इस गांव में पहले भी कई दफा गोकशी हो चुकी है। प्रशासन मूकदर्शक बना रहता है। दोनों जिलों की पुलिस को एक साथ मिलकर इस हुए घटना का खुलासा करना चाहिए। इसमें शामिल आरोपियों पर सख्त कार्रवाई चाहिए।
-----------------
लूट के खुलासे बाकी
बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही लूट की वारदात में से पुलिस एक का भी खुलासा नहीं कर सकी है। इस मामले में अधिकारियों ने एसओ को सात दिन में खुलासे का अल्टीमेटम दिया था। अब करीब पंद्रह दिन हो चुके, पुलिस एक भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है।