बदायूं / बिल्सी। मामूली सी बात पर बिल्सी इलाके के बधौली गांव में पड़ोसियों ने एक बुजुर्ग को लाठियों से पीटकर मार डाला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची इससे पहले आरोपी मौके से फरार हो गए। बिल्सी थाना क्षेत्र के बधौली गांव निवासी 55 वर्षीय लालबहादुर का अपने पड़ोसी टीकाराम से मनमुटाव चल रहा था। परिवार वालों का आरोप है कि शनिवार रात करीब नौ बजे लालबहादुर घर के पास खड़े अपने नाती रूमसिंह पुत्र कुंवरपाल से बातें कर रहे थे। आरोप है कि तभी पड़ोसी टीकाराम का बेटा महेश शराब के नशे में गालियां दे रहा था। लालबहादुर के मना करने पर महेश झगड़ा करने लगा। नाती रूमसिंह ने बचाने की कोशिश की। आरोप है कि इसी बीच महेश का भाई मुकेश, उमाशंकर और पिता टीकाराम पहुंच गए। उन्होंने टीकाराम को लाठियों से जमकर पीटा। लालबहादुर के बेटे कुंवरपाल की पत्नी बचाने पहुंची तो उसे भी हमलावरों ने पीटकर घायल कर दिया और फरार हो गए। परिवार वाले घायल लालबहादुर को बिल्सी सरकारी अस्पताल ले गए। वहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया। मगर लालबहादुर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हमलावरों में गांव का एक अन्य व्यक्ति भी शामिल था। उधर, एसओ कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि लालबहादुर शराब के नशे में गालियां दे रहा था। इसी को लेकर हुई कहासुनी पर पड़ोसी पड़ोसियों ने लालबहादुर का पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।