कहीं नेपाल में तो नहीं छिपा फरार बंदी सुमित
12 मई की रात रस्सी के सहारे जेल से फरार हुआ था
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। रस्सी के सहारे जिला कारागार से फरार हुए बंदी सुमित का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। उसकी तलाश में लगी टीमों ने अभी हार नहीं मानी है। माना जा रहा है कि बंदी नेपाल में छिपा है। परंतु पुलिस इसे सटीक सूचना नहीं मान रही है। इसके लिए पुलिस ने कुछ मुखबिर भी लगाए हैं।
मुरादाबाद निवासी बंदी सुमित 12 मई की रात करीब आठ बजे जिला कारागार से रस्सी के सहारे दीवार कूद कर फरार हो गया था। उसके साथी कुख्यात अपराधी देवकी नंदन उर्फ चंदन सिंह ने भी जेल से फरार होने की कोशिश की थी। परंतु वह जेल से नहीं भाग सका और पकड़ा गया। इस दौरान उसने एक होमगार्ड पर भी पिस्टल से फायरिंग कर दी थी, जिसमें होमगार्ड बाल-बाल गया था। उस रात पुलिस अधिकारियों ने शहर में नाकाबंदी भी लगाई थी। सभी मार्गों पर वाहन भी चेक किए गए थे। इसके बावजूद बंदी का कोई सुराग नहीं लग सका। तभी से जिले की कई पुलिस टीमें, एसटीएफ आदि बंदी की तलाश में है। बंदी फरार होने के कुछ दिन बाद पुलिस ने कई जिलों में सर्च अभियान चलाया था। जिसमें पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली थी कि बंदी को फरार कराने वाला ही पकड़ा गया था परंतु दूसरा मददगार फिर भी नहीं पकड़ा गया। इधर, पुलिस को अनुमान है कि बंदी को अच्छी तरह पता है कि उसके पीछे कई जिलों की पुलिस और कई टीमें लगी हैं। इससे बंदी नेपाल भाग गया है। अगर वह यूपी या अन्य किसी प्रदेश में छिपा होता तो शायद अब तक उसका पता चल गया होता।