उझानी (बदायूं)।
कछला की कटरी में खजुरारा और बहोरा नगला के आसपास कृषि योग्य भूमि को लेकर चरवाहों पर फायरिंग की घटना से शनिवार दोपहर में भगदड़ मच गई। फायरिंग की सूचना के बाद यूपी 100 के पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक हमलावर पक्ष फरार हो गया। दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए कछला चौकी पर तहरीर दे दी है।
कटरी में खजुरारा के पास कृषि योग्य जमीन पर पिछले कई साल से बहोरा नगला के लोगों का कब्जा है। बहोरा नगला निवासी राजवीर, नरेंद्र और वीरपाल समेत चार ग्रामीण सुबह में अपने खेतों पर पशु चराने के लिए पहुंचे। आरोप है कि ओमवीर, मुकेश और ताहर सिंह समेत उसके पक्ष के लोग चरवाहों पर टूट पड़े। उनके साथ हाथापाई भी की गई। हाथापाई के दौरान ही हमलावर पक्ष ने हवाई फायरिंग कर दी। जबकि दूसरे पक्ष से कछला चौकी पर पहुंचे खजुरारा के राकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि राजवीर पक्ष के लोगों ने हवाई फायरिंग की। फायरिंग के बाद राकेश ने यूपी 100 को कॉल कर दी। पुलिस कर्मी पहुंचे लेकिन मौके पर कोई नहीं मिला। दोनों पक्षों ने कछला चौकी पर पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम से अवगत करा दिया। इधर, चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। भूमि कटरी का हिस्सा है या फिर बहोरा नगला का। यह राजस्व विभाग के अभिलेखों से ही पता लगेगा। पुलिस ने बताया कि फायरिंग नहीं हुई, मारपीट हो गई थी। बता दें कि कटरी में कृषि योग्य भूमि को लेकर पहले भी मारपीट और फायरिंग के मामले सामने आते रहे हैं।