बदायूं। मंदिर से पूजा कर घर लौट रही आठ वर्षीय बच्ची पुलिस जीप से टकराकर घायल हो गई। हादसे में घायल बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस वालों का कहना है कि बच्ची को बाइक सवार ने टक्कर मारी।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नौसेरा गांव की रहने वाले राकेश की आठ वर्षीय बेटी यादवती मंगलवार सुबह गांव स्थित मंदिर से पूजा कर पैदल घर लौट रही थी, रास्ते में पुलिस की जीप की साइड लगने पर गिर पड़ी और जख्मी हो गई । घटना का पता चलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आनन-फानन में पुलिस ने बच्ची को जिला अस्पताल भर्ती करा दिया। परिवार वालों का आरोप है कि बच्ची को चोट पुलिस की जीप से लगी है, वही पुलिस वालों का कहना है कि हादसा पुलिस की जीप से नहीं बल्कि बाइक से हुआ है। जिला अस्पताल में भर्ती बच्चे की हालत चिकित्सकों ने खतरे से बाहर बताई है। ब्यूरो