बदायूं। चुनाव ड्यूटी में शाहजहांपुर जा रहे नशे में धुत दो होमगार्ड पुलिस लाइन चौराहे पर आपस में भिड़ गए। उन्होंने एक-दूसरे के ऊपर पत्थरबाजी कर दी, जिससे दोनों के सिर फूट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल उन्हें शांत किया। बाद में उनका मेडिकल परीक्षण कराया।
बुलंदशहर निवासी दो होमगार्ड अपने साथियों के साथ बुलंदशहर से चुनाव ड्यूटी में शाहजहांपुर जा रहे थे। गुरुवार देर शाम उनकी बस पुलिस लाइन चौराहे पर रुकी थी, तभी दोनों होमगार्ड खाना खाने के लिए नीचे उतर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों होमगार्डों ने खाना खाने से पहले शराब पी और उसके बाद खाना शुरू किया। उसी दौरान दोनों में किसी बात को लेकर बहस हो गई। बातों ही बातों में दोनों एक-दूसरे को गाली देने लगे। उसके बाद उनके बीच मारपीट हो गई। दोनों ने एक-दूसरे के ऊपर पत्थरबाजी कर दी, जिससे दोनों के सिर फूट गए। उनके साथ आए अन्य होमगार्डों ने बीच बचाव की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। इसकी सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह दोनों को अलग किया। उसके बाद दोनों को जिला अस्पताल ले गई और उनका मेडिकल परीक्षण कराया। मरहम पट्टी के बाद दोनों को बस के साथ शाहजहांपुर भेज दिया गया। रोडवेज चौकी इंचार्ज रुकुमपाल सिंह ने बताया कि दोनों होमगार्ड शराब के नशे में थे। मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें बस के साथ भेज दिया गया है।