अखबार के रुपये मांगने पर वितरक को पीटा, नकदी लूटी
नाधा (बदायूं)। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव नवाबगंज बेहटनी निवासी एक दबंग ने अखबार विक्रेता के साथ जमकर मारपीट की और रुपये लूट लिए। थाने में तहरीर देने पर पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय केवल मारपीट की एनसीआर दर्ज कर ली।
सहसवान थाना क्षेत्र के गांव नाधा निवासी हरीशचंद्र गुप्ता सोमवार सुबह अख़बार बांटने गए थे। उन्होंने नवाबगंज बेहटनी गांव निवासी अरविंद पुत्र महेश से अख़बार के बिल का भुगतान करने को कहा। इस पर बौखलाए अरविंद ने गाली गलौज शुरू कर दी। हरीश ने इसका विरोध किया तो अरविंद ने मारपीट की। जेब में रखे रुपये लूट लिए। इतने पर भी गुस्सा शांत नहीं हुआ तो अखबार की प्रतियां फाड़ दी। पीड़ित अखबार विक्रेता ने सहसवान थाने जाकर तहरीर दी। पुलिस मामले को दबाने में लग गई। काफी कहने के बाद पुलिस ने आरोपी अरविंद के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली। ब्यूरो