अमर उजाला ब्यूरो
मोहम्मदाबाद(फर्रुखाबाद)। प्रेमिका से मिलने रविवार रात गांव पहुंचे प्रेमी को युवती परिजनों और ग्रामीणों ने पेड़ से बांध कर पीटा और बाल काट दिए। ग्रामीण की सूचना पर यूपी-100 व कोतवाली पुलिस पहुंची और दोनों को कोतवाली ले आई। युवती ने घर वालों के साथ जाने से मना कर दिया। कोतवाल ने युवती को मजिस्ट्रेट के सामने बयान के लिए भेजा है। युवक ने युवती के पिता, चाचा सहित चार के खिलाफ मारपीट और बाल काट कर बेइज्जत करने का मुकदमा दर्ज कराया है। युवक के परिजन दोनों की शादी कराने के लिए भी तैयार हैं।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित एक गांव की युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। रविवार रात को प्रेमिका ने उसे फोन कर बुलाया। युवक रात करीब साढ़े नौ बजे गांव के बाहर पहुंच गया। प्रेमिका वहां पर पहले से मौजूद थी। ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। युवती के परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को बंधक बना कर पेड़ से बांध दिया। दोनों की पिटाई करने के बाद युवक के सिर के बाल काट दिए। जानकारी होने पर कोतवाली पुलिस व यूपी-100 टीम गांव पहुंची। पुलिस, युवक और युवती को कोतवाली ले गई। इस दौरान युवती ने परिजनों के साथ जाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने उसे मजिस्ट्रेट के सामने बयान के लिए भेजा है।
उधर, पीड़ित युवक ने युवती के पिता, चाचा व दो अन्य लोगों पर मारपीट, गालीगलौज व बाल काटकर अपमान करने का मामला दर्ज कराया है।
बताया जा रहा है कि गांव के ही एक घर में बारात आई थी। जब ग्रामीण, युवक को पकड़ कर लाए तो इसकी जानकारी बारातियों को भी हो गई। मौके पर युवक को देखने पहुंचे बारातियों ने भी उसकी धुनाई कर दी।