बदायूं। चर्चित कटरा सआदतगंज कांड में सुनवाई अब नौ अगस्त को होगी। सुनवाई कर रहीं स्पेशल जज कपिला राघव ने अगली तारीख मुकर्रर की है। मंगलवार को सुनवाई के दौरान मामले में मुख्य गवाह और लड़कियों के चाचा के बयान नहीं हो सके। इधर मुख्य आरोपी पप्पू यादव ने भी वकील के जरिए हाजिरी माफी की दरखास्त कोर्ट में दाखिल की। वहीं, मामले की सुनवाई में हिस्सा लेने को सीबीआई की दो सदस्यों वाली टीम मंगलवार को बदायूं पहुंच गई।
उसहैत थाने के गांव कटरा सआदतगंज में 26-27 मई 2014 की रात चचेरी-तहेरी बहनों के शव पेड़ पर लटके मिले थे। लड़कियों के परिवार वालों ने तीन सगे भाइयों और कटरा चौकी के दो सिपाहियों पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया था। सीबीआई ने मामले की जांच करने के बाद कोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर ली। कोर्ट ने सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट खारिज करते हुए पप्पू यादव को पाक्सो एक्ट का आरोपी माना था। इस मामले में स्पेशल जज पाक्सो एक्ट कपिला राघव सुनवाई कर रही हैं। मंगलवार को सीबीआई की दो सदस्यों की एक टीम भी सुनवाई में हिस्सा लेने को कोर्ट पहुंची। इधर, कोर्ट में मंगलवार को मुख्य गवाह के बयान नहीं हो सके। आरोपी पप्पू यादव भी कोर्ट में पेश नहीं हुआ। इसके चलते कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए नौ अगस्त की तारीख मुकर्रर की है।