उझानी (बदायूं)। पूर्व सैनिक ने अपने छोटे भाई की बेवा के घर पर कब्जा कर उसका सामान गायब कर दिया। गृहस्वामिनी के विरोध करने पर उसे फायरिंग कर धमकाया गया। मामला शनिवार सुबह जब कोतवाली पहुंचा तब पुलिस ने पूर्व सैनिक के बेटे को दबोच लिया। पुलिस ने परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट कर ली है।
मामला मोहल्ला गौतमपुरी का है। मोहल्ले के व्यास मुनि की बेवा रेखा चार दिन पहले घर पर अकेली थी। आरोप है कि उसी दौरान रेखा का जेठ पूर्व सैनिक राजपाल अपने बेटों और पत्नी के साथ आ धमका। राजपाल ने रेखा से गाली गलौज की। उसने रेखा को घर के बाहर खदेड़ कर दरवाजे पर ताला जड़ दिया। आरोप है कि पूर्व सैनिक ने रेखा को जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की। बेघर गृहस्वामिनी ने रिश्तेदार से बात कर हस्तक्षेप की भी गुहार लगाई। कोई नतीजा नहीं आने पर रेखा ने शुक्रवार शाम को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरी घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी। पूर्व सैनिक समेत उसकी बीबी मौके पर नहीं मिली, लेकिन उसके बेटे राहुल को पकड़ लिया गया। इस बीच, पुलिस ने रेखा की तहरीर पर पूर्व सैनिक राजपाल, पत्नी बॉबी, बेटे राहुल और प्रियांशु के खिलाफ मकान पर कब्जा करने और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली। सब इंस्पेक्टर संजय कुमार शर्मा ने बताया कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।