शातिर दिमाग युवक ने मानकपुर निवासी वृद्ध दंपति पर आत्मीयता के ऐसे डोर डाले कि दोनों उसके फेर में पड़ गए। बेटे का दोस्त बताकर वह वृद्ध दंपति को बकरियों वाले नखासे तक ले आया। पहले उसने बेटे द्वारा पांच हजार रुपये भेजने की बात कही फिर झांसा देकर वृद्धा के कान से सोने के कुंडल उतरवा लिए और फरार हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मानकपुर निवासी लौकीराम का बेटा दिल्ली में काम करता है। मंगलवार दोपहर लौकी किसी काम से पत्नी चमेली के साथ गांव से बाजार को चला। रास्ते में उसे एक युवक मिला, उसने कहा कि तुम्हारे बेटे ने पांच हजार रुपये भेजे हैं। युवक की बातों में आकर वृद्ध दंपति उसके साथ बकरियों वाले नखासे में पहुंच गए। वृद्धा चमेली ने बताया कि बाजार में उसके पति घरेलू सामान खरीदने के लिए दुकान पर चले गए। इस दौरान युवक ने अपनी में फंसाकर उससे कानों से सोने के कुंडल उतरवा लिए। युवक कुंडल लेकर चला गया लेकिन दो घंटे तक नहीं लौटा तो वृद्धा को ठगी का अहसास हुआ। महिला ने पति को पूरी बात बताई तो उसने अपने बेटे को कॉल की। बेटे ने भी किसी के हाथ रुपये भेजने की बात से इनकार कर दिया। ठगी के बाद पीड़ित कोतवाली पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने वृद्धा दंपति को साथ लेकर बकरियों वाले नखासे और आसपास इलाके में ठग की खोजबीन भी की लेकिन उसका कोई पता नहीं लगा।