दबतोरी। बेकाबू ट्रक से भिड़ंत में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पीछे बैठा उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बिसौली-आसफपुर मार्ग पर बाइक सवार ग्रामीण को एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
रामपुर जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र के गांव भगवतीपुुर निवासी रामफल पाली की बेटी की बरात रविवार को आनी है। शनिवार को रामफल अपने दोस्त गांव के ही निवासी सत्यप्रकाश (50) के साथ बाइक पर सवार होकर बिसौली आ रहे थे। उन्हें कन्यादान केे लिए कुछ सामान खरीदना था। बाइक सत्यप्रकाश चला रहे थे। जैसे ही वे बिसौली-आसफपुर रोड पर पावर हाउस के नजदीक पहुंचे तो बिलारी जा रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे मेें सत्यप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामफल घायल हो गये। हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। ट्रक चालक मौका देखकर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को सीएचसी ले जाया गया। प्रभारी निरीक्षक बिसौली जसवीर सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।