आसफपुर। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र में सडक हादसों में युवती सहित दो लोगों की जान चली गई। चार घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर है। हादसे में मरे लोगों के परिवारों में हाहाकार मचा हुआ है।
पहला हादसा आसफपुर-शाहबाद मार्ग पर हुआ। थाना फैजगंज बेहटा के ग्राम भोजपुर के ललतेश कुमार (22) पुत्र यशवीर कश्यप अपनी मां हीरेश्वरी के साथ चंदौसी से बाइक से भोजपुर आ रहे थे। हेलमेट भी पहने थे। ग्राम सीकरी के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने से आ रही निजी बस ने बाइक को टक्कर मार दी। बस की चपेट में आकर ललतेेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हो गई। सूचना पर पहुची थाना पुलिस ने घायल महिला की चंदौसी के अस्पताल में नाजुक हालत बनी हुई है। बीए में पढ़ रहा ललतेश दो भाइयों में बड़ा और अविवाहित था। घायल हुई उसकी मां हीरेश्वरी आंगनबाड़ी वर्कर हैं और चंदौसी में किराए के मकान में रहती हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
दूसरा हादसा ग्राम मोहकमपुर के पास आसफपुर- बिसौली मार्ग पर हुआ। बिसौली कोतवाली के ग्राम मोजमपुर में शुक्रवार को गंगाबल्लभ मौर्य के बेटे योगेश की शादी थी। इसमें संभल के थाना कुढ़ फतेहगढ़ के ग्राम स्योंडारा के वीरेश की पुत्री बबिता (18) और मुड़िया के हीरालाल की पुत्री नीलम (16) भी शामिल होने आई थीं। योगेश का भाई अजय पाल तीसरे पहर तीन बजे दोनों को छोड़ने बाइक से स्योंडारा जा रहा था। मोहकमपुर के पास तेज रफ्तार टाटा मैजिक बाइक से जा भिड़ी। टक्कर मारकर मैजिक भी खाई में गिर गई। बाइक चालक और दोनों लड़कियां खाई में गिरी मैजिक के नीचे फंस गए। पुलिस ने तीनों को गंभीर हालत में सीएचसी भेजा, जहां डाक्टरों ने नीलम को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन घायलों को चंदौसी के निजी अस्पताल ले गये। अजय पाल और मैजिक चालक हिर्देश कुमार (50) पिंडारा थाना बिसौली की हालत नाजुक बताई गई है। घटना के समय बाइक चालक अजयपाल हेलमेट नहीं लगाए हुए था।
ब्रांडेड हेलमेट पहने होता तो बच जाती जान
-घटना के समय बाइक चला रहा ललतेश हेलमेट पहने हुए था। बिना हेलमेट के कभी भी बाइक नहीं चलाता था। शनिवार को भी वह चंदौसी से हेलमेट लगाकर निकला था, लेकिन हेलमेट लोकल ब्रांड का था। हादसे के वक्त हेलमेट चकनाचर हो गया जिससे ललतेश के सिर में गहरी चोट आई और मौके पर ही उसकी जान चली गई। लोगों की राय में ललतेश ब्रांडेड हेलमेट पहने होता तो शायद उसकी जान नहीं जाती।
कान में लगा ईयरफोन बना मौत का कारण
- मोहकमपुर के पास हुई घटना में बाइक चला रहा अजयपाल हेलमेट नहीं लगाए था। हादसे के वक्त वह कानों में ईयरफोन लगाकर मोबाइल से गाना सुनते हुए जा रहा था। टाटा मैजिक का ड्राइवर भी शराब के नशे में बताया जा रहा है।