दबतोरी। कोतवाली बिसौली क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर में बुधवार रात शादी कार्यक्रम में हंगामा व पथराव होने के बाद गुरुवार को पुलिस की मौजूदगी में बरात चढ़त और फिर विदाई की रस्म पूरी हुई। बाद में पुलिस ने बवाल करने वाले नौ लोगों को नामजद करते हुए अन्य आठ-दस लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली।
बुधवार रात कोतवाली क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर निवासी राधेश्याम मौर्य की बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे कुछ लोग कुर्सी-मेज डालकर बैठे थे। तभी वहां से गुजरी एक बैलगाड़ी में मेज फंसने के कारण वह दूर जाकर गिरी। इसके बाद बैलगाड़ी वालों से कहासुनी हुई। आरोप है कि कुुछ देर बाद बैलगाड़ी वाले पक्ष के लोग लाठी डंडे लेकर आए और शादी समारोह में लगे स्टालों पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इससे वहां पर भगदड़ मच गई। इसके बाद में दोनों तरफ से ईंट पत्थर चले। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज ब्रज किशोर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देख हंगामा करने वाले वहां से भाग गए।
गुरुवार को पुलिस की मौजूदगी में बरात की चढ़त कराई गई। दुल्हन के विदा के समय तक पुलिस मुस्तैद रही। इसेक बाद राधेश्याम और उसके पक्ष के लोग रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली पर प्रदर्शन करने पहुंच गए। सीओ बिसौली सर्वेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में मुरसलीन व मुरशाद पुुत्रगण आजाद मोहम्मद, इरफान, इस्लाम, रिजवान, नन्हें व नईम पुत्रगण अमान खां तथा हसले पुत्र हुसैन खां समेत आठ-दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।