बदायूं। दिल्ली से ससुर के तीजे में शामिल होने आए निजी चिकित्सक की मौत के मामले में मृतक के भाई ने उसकी पत्नी और दो सालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
झारखंड के पलामू जिला के टांटीदीरी निवासी वेशो रजा अख्तर वर्तमान में दिल्ली के छतरपुर इलाके में रहकर अपना निजी क्लीनिक चलाते थे। उनकी दो पत्नियां हैं जो दिल्ली में ही अलग-अलग घरों में रहती हैं। एक पत्नी फूलजहां का मायका थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव सिसरका में है। अख्तर के ससुर का इंतकाल कुछ दिन पूर्व हो गया था, जिनका सोमवार को तीजा था। अख्तर सोमवार को अपनी ससुराल में अपनी पत्नी फूलजहां व भाई नूरुल हसन के साथ आए थे। सोमवार की देर रात्रि लगभग एक बजे तक तीजे की रस्म अदायगी के बाद सभी खाना खाकर सो गए। बताते हैं कि मंगलवार तड़के चार बजे वह उठे और कपड़ा लेकर पत्नी से चाय बनाने को कहकर गाड़ी साफ करके आने की बात कहकर घर से निकल गए। लगभग एक घंटा बाद कुछ ग्रामीणों ने कुछ ही दूरी पर पेड़ पर फंदे पर लटकी लाश देखी। इस मामले में बुधवार को भाई नूरुल हसन ने अपनी भाभी फूलजहां तथा फूलजहां के भाई दिलशाद व नौशाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने तीनों पर उसके भाई को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। सीओ बिसौली सर्वेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी व दो उसके दो सालों पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज कर दिया है।