बदायूं। विवाहिता नाजिश की मौत कैसे हुई थी, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हो चुकी है लेकिन उसका शव मक्का के खेत में कैसे पहुंचा और उसकी मौत कहां हुई थी? उसके शव को खेत में कौन ले गया था? अभी इसका पता नहीं चला है। इन तमाम सवालों के जवाब कॉल डिटेल पर टिके हैं, जिसका पुलिस को गंभीरता से इंतजार है।
30 मई को विवाहिता नाजिश का शव बिल्सी थाना क्षेत्र के ग्राम नगला डल्लू के खेतों में पड़ा मिला था। उसके पिता अब्दुल रहमान का आरोप था कि 28 मई को उसके दामाद आमीन ने नाजिश को फोन करके सड़क पर बुलाया था लेकिन आमीन उनके घर तक नहीं आया था। वह नाजिश को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया और बाद में उसकी हत्या कर दी और शव को गांव के नजदीक मक्का के खेत में फेंक गया। इधर, जब पुलिस ने नाजिश के शव का पोस्टमार्टम कराया तो उसकी रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई। इससे पता चला कि विवाहिता की मौत फंदे से लटकने से हुई थी। उसकी मौत शव मिलने के स्थान पर नहीं बल्कि किसी दूसरे स्थान पर हुई थी। बाद में उसके शव को खेत में डाला था। मायके वाले कितने सही बोल रहे हैं, इसकी पुष्टि के लिए कॉल डिटेल निकलवाई गई है। उसी से पता चलेगा कि उस दिन आमीन नगला डल्लू आया था या नहीं। तभी इस केस में कु छ आगे खुलासा हो सकेगा।