मुजरिया (बदायूं)। दिल्ली-बदायूं हाईवे पर ग्राम कौल्हाई के पास सड़क पार कर रहे एक युवक को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम सिरकी खेड़ा निवासी निसार (35) पुत्र लल्लन खां रविवार रात करीब नौ बजे कौल्हाई की बाजार कुछ घरेलू सामान खरीदने आया था। निसार सामान खरीदकर वापस लौट रहा था। दिल्ली बदायूं हाईवे पार करते समय दिल्ली से आ रही एक रोडवेज बस ने उसको जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर जा गिरा और बस ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। निसार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को देखकर आसपास के दुकानदार भाग खड़े हुए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिससे पुलिस मौके पर पहुंच गई और बस को अपने कब्जे में लेकर तुरंत थाने भेज दिया। इसकी सूचना पर युवक के परिवार वाले भी रोते-बिलखते हुए पहुंच गए। उसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।